आदित्यपुर की नाबालिग से सामूहिक बलात्कार और हत्या करने वाले पांच गिरफ्तार
जमशेदपुर, 23 जून : आदित्यपुर इलाके में जनआंदोलन का कारण बने नाबालिक लड़की के अपहरण के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने लड़की के साथ बलात्कार, हत्या और पोक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ने का प्रतिवेदन न्यायालय में भेजा है। इससे पहले पुलिस ने 18 जून को लड़की के अपहरण का मामला दर्ज किया था। सरायकेला-खरसावां के एसपी मोहम्मद अर्शी ने आज प्रेस को पूरी घटना बताते हुए कहा कि इस कांड के उद्भेदन के लिए उन्होंने सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था। टीम ने अभियुक्त रोहित लोहार, दुर्गा महतो, अभिजीत उर्फ बंटू सिंह, अजय प्रमाणिक और अर्जुन लोहार को उक्त मामले में गिरफ्तार किया। सभी अभियुक्त सालडीह बस्ती के निवासी बताए जाते हैं। घटना के बारे में एसपी ने बताया कि पीड़िता लड़की पिछले कुछ दिनों से अपने नाना के यहां दो-तीन घंटे के लिए जाया करती थी। इसी क्रम में अभियुक्तों द्वारा उस लड़की को टारगेट में लिया गया। 17 जून को सभी अभियुक्त सालडीह स्थित न्यू प्राथमिक विद्यालय आदित्यपुर में बैठे थे। बरसात हो रही थी।इसी बीच दोपहर 11:30 बजे पीड़िता अपने नाना के घर से लौट रही थी। हल्की बारिश होने के कारण पीड़िता स्कूल भवन में गई। जहां पर सभी अभियुक्त पहले से मौजूद थे। पूर्व से वहां उपस्थित रोहित लोहार, दुर्गा महतो, अभिजीत सिंह उर्फ बंटू सिंह की नियत उस लड़की को देखकर खराब हो गई। इन तीनों द्वारा मिलकर उस लड़की का कपड़ा खोलकर स्कूल के छत के ऊपर फेंक दिया गया तथा उसके साथ बारी-बारी से तीनों ने बलात्कार किया। इसके पूर्व अर्जुन लोहार स्कूल के छत पर चढ़कर तथा अभिजीत प्रमाणिक स्कूल के गेट पर रहकर निगरानी कर रहे थे। घटना के बाद अर्जुन लोहार ने छत से लड़की का कपड़ा गिरा दिया। डरी हुई पीड़िता ने जल्दी बाजी में सिर्फ कुर्ती पहनी और स्कूल के पीछे नदी की ओर भाग गई। घटनास्थल पर उसका चप्पल तथा लैगीज छूट गई, जो बाद में पुलिस ने बरामद की। इसके बाद बंटू तथा रोहित ने उस लड़की का पीछा किया। लड़की इन दोनों को अपने पीछे आता देख बचने के लिए नदी में घुस गई। दुर्भाग्य से पानी के तेज बहाव के कारण लड़की नदी में डूब गई। इस घटना को कदमा थाना क्षेत्र स्थित नदी के दूसरे छोर पर उपस्थित कई लोगों ने देखा। 20 जून 2020 को उसकी लाश ग्राम हथियाडीह के सामने नदी से बरामद की गई। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के पास बरामद मोबाइल का विश्लेषण किया जा रहा है। मृतिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसकी मौत पानी में डूबने से हुई है। इस कांड के एक अभियुक्त दुर्गा महतो पर आदित्यपुर थाने में 19 जून 2016 को बलात्कार का मुकदमा पहले से ही दर्ज है। इसी थाने में 18 जुलाई 2016 को उस पर चोरी का मामला भी दर्ज किया गया। सभी अभियुक्त 20 साल से 24 साल के बीच की उम्र के हैं। अभियुक्तों के 4 मोबाइल जप्त कर लिए गए हैं।