छोटी सी बात पर गोली मारने वाला गिरफ्तार
जमशेदपुर, 16 जून : जुगसलाई में छोटी सी बात पर सुजीत कुमार सिंह उर्फ बंटी सिंह के पेट में 2 गोली मारने वाले मनीष सिंह को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मनीष सिंह जुगसलाई केवट मोहल्ला का निवासी बताया जाता है। सीनियर एसपी तमिल बाणन ने आज प्रेस को बताया कि 14 जून की रात 8:30 बजे गौशाला टॉकीज के स्टैंड में खड़े बंटी सिंह पर मनीष सिंह ने गोलियां चलाई थीं। मनीष सिंह पर आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मनीष सिंह से पूछताछ कर गोलीकांड में प्रयुक्त सिक्सर बरामद कर लिया है। सीनियर एसपी ने बताया कि मनीष और बंटी के बीच मोटर साइकिल चलाने को लेकर झगड़ा हुआ था और इसी दौरान एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी गई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच कर रही है के मनीष सिंह ने अवैध पिस्तौल कहां से खरीदी। घटना में प्रयुक्त कारतूस के खोखे भी बरामद नहीं हुए हैं। बताते हैं कि खोखे मनीष सिंह ने नदी में फेंक दिए। घटना के दौरान मनीष सिंह ने 5 गोलियां चलाई थीं।