20 फुट के दूरी पर दो अवैध बंपर बनाएं, जमीन पर कब्जा करने की नीयत
जमशेदपुर, 4 जून : काशीडीह जुस्को स्कूल मुख्य सड़क पर स्थित आशु होटल के पीछे की जमीन पर होटल के मालिक द्वारा अवैध कब्जा कर कमरे बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही आशु होटल से न्यू कालीमाटी मेन रोड पर जाने वाले रास्ते को भी बंद करने योजना अवैध अतिक्रमणकारी ने बनाई है। करीब 15 फीट चौड़े इस रास्ते से रोजाना हजारों लोग, स्कूली वाहन, बाइक आते जाते हैं। उनके आवागमन को बंद करने के लिए रातों-रात अवैध अतिक्रमणकारियों ने 20 फुट के अंतराल में दो अवैध बंपर बना दिए। इन बंपरों की ऊंचाई 1 फुट के करीब है। जिससे कार तक यहां से गुजर नहीं पा रही है। स्कूली बच्चों के टेंपो का गुजरना तो असंभव है। बाइक सवारों ने भी यहां से आना जाना कम कर दिया है। जिससे धीरे-धीरे इस सड़क पर भी अवैध कब्जा किया जाएगा, ऐसी संभावना बस्ती के लोग व्यक्त कर रहे हैं।
लॉक डाउन के दौरान इस रास्ते को बांस से घेर दिया गया था। उसी दौरान अवैध निर्माण शुरू कर दिया गया। अचानक लॉग डाउन खत्म हो जाने पर लोगों ने इस रास्ते से आना-जाना शुरू कर दिया तो अवैध अतिक्रमणकारियों ने ऊंचे-ऊंचे दो अवैध बंपर बनाकर यहां से आवागमन बंद करने की कोशिश की। इस बात की सूचना पुलिस और टाटा स्टील के लैंड विभाग के अधिकारियों को आज दे दी गई है।
नियम से कहीं भी बंपर बनाने के पहले जिला के उपायुक्त से आदेश प्राप्त किया जाता है। जरूरी होने पर एक तय दूरी और तय ऊंचाई का बंपर बनाने का आदेश उपायुक्त देते हैं। परंतु यहां बिना उपायुक्त के आदेश का 2 अवैध बंपर बना लिये गये।
