कोरोना के प्रति लापरवाही के कारण टाटा स्टील के कई अधिकारियों को डिस्मिसल नोटिस
जमशेदपुर, 25 जुलाई : टाटा स्टील ने कोविड-19 प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर कड़ाई से कार्रवाई शुरू कर दी है। अपनी ट्रेवल हिस्ट्री छुपाने वाले और कोविड-19 प्रोटोकॉल व गाइडलाइंस का उल्लंघन के मामले में कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त करने का नोटिस जारी किया है। 50 से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों को कॉशन लेटर और निलंबन लेटर भी दिया है। नोटिस का 48 घंटे में जवाब देने को कहा गया है। इस संबंध में कंपनी का कहना है कि टाटा स्टील ने कोविड-19 के प्रसार को देखते हुए तथा भारत सरकार, राज्य सरकार एवं स्थानीय जिला प्रशासन के निर्देशों के आधार पर जारी अपने सर्कुलर और गाइडलाइन के माध्यम से सुरक्षा नियमों के पालन के महत्व पर जोर दिया है। इसका उद्देश्य न केवल अपने कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों की सुरक्षा है, बल्कि समाज की सुरक्षा भी है। इसका उद्देश्य ऑक्यूपेशनल सेफ्टी भी है। टाटा स्टील में कर्मचारियों द्वारा कोविड-19 प्रोटोकॉल के गंभीर उल्लंघन के कई उदाहरण सामने आए हैं। इन उल्लंघनों के कारण दूसरे सहकर्मियों और समुदाय के लोगों के जीवन खतरे में पड़ सकते हैं। कर्मचारियों और अधिकारियों की लापरवाही के कारण टाटा स्टील के कुछ यूनिट के अस्थायी रूप से बंद होने के कारण उत्पादन में कमी आई है। ट्रेवेल हिस्ट्री का खुलासा नहीं करना, निर्धारित क्वारेंटाइन नियमों का पालन न करना, सरकार या स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी अनिवार्य दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करना या किसी कर्मचारी द्वारा कंपनी को गलत जानकारी देना इनको गंभीर कदाचार और टाटा आचार संहिता का उल्लंघन माना गया है।
ReplyForward |