कोविड-19 से हुई 2 मौतों की जानकारी डीपीआरओ ने नहीं दी
जमशेदपुर, 5 जुलाई : पूर्वी सिंहभूम जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार ने कल जमशेदपुर में कोविड-19 से 2 लोगों के मरने की जानकारी प्रेस को नहीं दी। मालूम हो जिला जनसंपर्क पदाधिकारी का एक प्रेस व्हाट्सएप ग्रुप डीपीआरओ जमशेदपुर काम करता है। इस ग्रुप में कोविड-19 की जानकारी रोजाना जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा पोस्ट की जाती है। कोविड-19 से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या, इलाका, ट्रैवल हिस्ट्री वगैरह की जानकारी रोजाना डीपीआरओ जमशेदपुर ग्रुप से पत्रकारों को दी जाती है। इसी तरह कोविड-19 संक्रमण से मुक्त होने वाले रोगियों की जानकारी भी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोजाना देते हैं, परंतु चौंकाने वाली बात यह देखी गई की सबसे महत्वपूर्ण जानकारी, एक ही दिन जमशेदपुर में दो कोविड-19 मरीजों की मौत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने प्रेस को नहीं दी। ऐसा उन्होंने अपनी बुद्धि का उपयोग कर किया या किसी बड़े पदाधिकारी ने उन्हें प्रेस से यह जानकारी छुपाने का आदेश दिया था। यह जांच का विषय है। जानकारों के मुताबिक प्रेस से कोविड-19 मरीज के बारे में जानकारी छुपाना गैर कानूनी है।