जमशेदपुर में कोविड-19 से पहली मौत प्रसिद्ध लोहियावादी को लील गया कोरोना
कविकुमार
जमशेदपुर, 4 जुलाई : आज दोपहर 12:10 बजे कोविड-19 ने सोनारी निवासी जमशेदपुर के प्रसिद्ध समाजवादी की जान ले ली। वे टाटा मेन हॉस्पिटल के कोविड-19 भर्ती थे। उनकी उम्र 70 साल के करीब बताई जाती है। बीते मंगलवार को उन्हें लूज मोशन होने के चलते उनके पुत्र ने टाटा मेन हॉस्पिटल में दाखिल कराया था। वहां रूटीन जांच के दौरान वे कोविड-19 से पीड़ित पाए गए। उसके बाद उन्हें कोविड-19 वार्ड में दाखिल कर उनका इलाज किया जाने लगा। परंतु टाटा मेन हॉस्पिटल के डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए। टाटा मेन हॉस्पिटल में दाखिल होने जाते वक्त उनकी पत्नी ने उन्हें सहारा दिया था तथा अस्पताल में दाखिल रहने के दौरान उनके पुत्र हमेशा उनसे मिलने जाते थे। उनके परिवार के लोगों को क्वारंटाइन में रखकर उनका स्वाब टेस्ट किया गया। उनके पुत्र, बहू, पोती और पत्नी की रिपोर्ट आज नेगेटिव आई है। उनकी पुत्री, दामाद और नाती का स्वाब टेस्ट भी लिया गया। जिनमें उनकी पुत्री कोरोना पॉजिटिव पाई गई। उनकी पुत्री सोनारी में ही अन्य इलाके में रहती है। उनके दामाद और नाती की रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक उनके दामाद टाटा मेन हॉस्पिटल के सुरक्षा विभाग में कार्यरत हैं। मालूम हो मृतक करीब डेढ़ साल से अपने घर में बेड पर थे। 14-15 अक्तूबर 2018 की रात वे अचानक अपने बिस्तर से सर के बल जमीन में गिर गए थे। उनके गर्दन की कई हड्डियां टूट गई थीं। तब से वे बेड पर थे। इस बीच कभी-कभी वे टाटा मेन हॉस्पिटल में दाखिल भी होते रहते थे। उनकी देखभाल करने के लिए एक युवक भी रखा गया था। जिसका संपर्क टाटा मेन हॉस्पिटल से था। सूत्रों के मुताबिक प्रशासन ने उनके सभी कांटेक्ट की जांच कराई है।जानकारों के मुताबिक मृतक का दोस्ताना संबंध पूर्व मंत्री व मौजूदा विधायक सरयु राय, कम्युनिस्ट नेता राम कविंदर, सिया शरण वगैरह अनेक लोगों से था। वे काफी अच्छे वक्ता भी थे। सूत्रों के मुताबिक कल उनका अंतिम संस्कार प्रशासन द्वारा कराया जाएगा। इस दौरान उनके पुत्र व एक दो रिश्तेदारों को दूर से उनके दर्शन कराए जाएंगे। उनके शव को छूने की अनुमति जिला प्रशासन किसी को नहीं देगा। कोविड-19 के कारण मृत व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए तय नियमों के मुताबिक ही प्रशासन काम करेगा।