स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने फिर सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाईं
जमशेदपुर, 10 जुलाई : झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन क्वारंटाइन में चले गए हैं। उनके द्वारा कई बार सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन किया गया। जिसका समाचार आज़ाद न्यूज़ नेे प्रकाशित भी किया। पेयजल और स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने पहली बार जमशेदपुर में बागबेड़ा जलापूर्ति योजना के निरीक्षण के दौरान सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन किया था। उस वक्त उनके साथ पूर्वी सिंहभूम के कई विधायक भी थे। इसके बाद भी मिथिलेश ठाकुर ने कई बार रांची और गढ़वा में सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाई नतीजतन वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए। टुंडी के विधायक मथुरा महतो भी कोरोना वायरस केे घेरे में आ गए हैं। उन्होंने भी कई बार सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन किया। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता लगातार सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन कर रहे हैं।
आज़ाद न्यूज़ में दस जून को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा सोशल डिस्टेंस के उल्लंघन के छह मामले प्रकाशित किए थे। इसके बाद भी स्वास्थ्य मंत्री ने अपनी आदत नहीं छोड़ी। 5 जुलाई को जमशेदपुर ब्लड बैंक में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने एक बार फिर सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन किया। इस बार उनके साथ इंटक नेता रघुनाथ पांडेय और कांग्रेसी नेता नट्टू झा भी शामिल थे। यहां इंटक नेता स्वर्गीय राजेंद्र सिंह की याद में रक्तदान किया जा रहा था। बन्ना गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में यहां पहुंचे और भीड़ भाड़ में घुसकर कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान बन्ना गुप्ता ने मास्क भी गलत ढंग से पहना था। अगर झारखंड के मंत्री, विधायक और स्वास्थ्य मंत्री तक ऐसा करेंगे तो प्रशासनिक पदाधिकारी जितने भी कसरत करें, कोविड-19 से राज्य की जनता को बचाना मुश्किल हो जाएगा। याद रहे जमशेदपुर में कोविड-19 संक्रमित लोग तेजी से बढ़ रहे हैं। झारखंड में जमशेदपुर का नंबर सभी जिलों से आगे हो गया है। टाटा ग्रुप की कई कंपनियों में भी कोविड-19 के संक्रमित मिल रहे हैं। छोटी-मोटी कई कंपनियों को बंद कर दिया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी कोविड-19 को काबू में करने के लिए अपने सर का पसीना तलवे तक बहा आ रहे हैं। परंतु मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और राजनीतिक दल के नेताओं को कोविड-19 अभी भी मजाक लग रहा है।