प्राइवेट स्कूल ने झारखंड के शिक्षा मंत्री को भी नहीं बख्शा, फीस नहीं देने पर शिक्षा मंत्री की नतिनी का नाम काटा
जमशेदपुर, 19 सितंबर : झारखंड के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो ने हाल ही में एलान किया था कि कोई भी स्कूल विद्यार्थियों का नाम ट्यूशन फीस नहीं देने के चलते नहीं काट सकता। उन्होंने कहा था कि लॉकडाउन के दौरान अभिभावकों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। जिस कारण वे एक साथ फीस भरने में सक्षम नहीं हैं। वैसी स्थिति में यदि अभिभावक अपने बच्चों की ट्यूशन फीस एक साथ नहीं भर पाते तो उनके बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखी जाए।

इसके विपरीत झारखंड के प्राइवेट स्कूल खासकर अंग्रेजी माध्यम के स्कूल शिक्षा मंत्री के आदेश को ठेंगा दिखाकर बच्चों के नाम काट रहे हैं। साथ ही उनकी ऑनलाइन पढ़ाई भी बंद कर दी जा रही है। झारखंड की जनता भौंचक्की रह गई जब खुद शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो की नतिनी का नाम ट्यूशन फीस नहीं देने के कारण स्कूल से काट दिया गया। ऐसी हिम्मत बोकारो के चास स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल ने की। जानकारों के मुताबिक शिक्षा मंत्री अपनी नतिनी की फीस जमा करने खुद दिल्ली पब्लिक स्कूल पहुंचे।