बेटे के अपहरण की धमकी देकर 2 लाख रुपए रंगदारी मांगने वाले नक्सली गिरफ्तार
जमशेदपुर, 28 सितंबर : ईचागढ़ निवासी मंगल चंद्र गोराई से नक्सली के नाम पर दो लाख रुपए की रंगदारी मांगने वाले नक्सली जगदीश महतो निवासी पलाशडीह, भक्त राज महतो निवासी जयपुर, सोहन सिंह मुंडा निवासी गांव कुटाम ईचागढ़ और लक्ष्मीकांत अहीर निवासी सोनाहातू रांची को गिरफ्तार किया है।

सरायकेला खरसावां जिला के एसपी मोहम्मद अरशी ने जानकारी देते हुए कहा कि 25 सितंबर 2020 को तड़के 4:35 बजे मंगल चंद्र गोराई के मोबाइल पर अज्ञात मोबाइल नंबर से अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया और कहा कि उसके घर के बाहर एक पर्चा लगा हुआ है। मंगल चंद गोराई ने घर के बाहर जाकर देखा तो वहां एक पर्चा सटा हुआ था। पर्चा पर दक्षिण छोटानागपुर जोनल कमेटी माओवादी कम्युनिस्ट केंद्र भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी एमसीसीआई लिखा हुआ था। पर्चा के नीचे निवेदक के रूप में अटकी खूंटी निवासी अमित मुंडा का नाम था।

उसी दिन सुबह 9:50 बजे उसी नंबर से मंगल चंद्र गोराई के पास फोन आया कि वह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी को मजबूत करने के लिए दो लाख रुपए दे, वरना उसके बेटे का अपहरण कर लिया जाएगा। मंगल चंद्र गोराई ने 27 सितंबर को इसकी सूचना थाना को दी। पुलिस ने धारा 387 आईपीसी एवं 17 सी एल ए एक्ट के तहत कांड दर्ज किया तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में अनुसंधान किया गया। इस कांड का उद्भेदन करते हुए मंगल चंद्र गोराई से रंगदारी मांगने वाले जगदीश महतो, भक्तराज महतो और सोहन सिंह मुंडा को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से नक्सली पर्चा, जिस पर दक्षिण छोटानागपुर जोनल कमेटी माओवादी कम्युनिस्ट केंद्र भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी एमसीसीआई लिखा था, बरामद किया गया।
इनके पास से वह मोबाइल भी बरामद किया गया जिससे उन्होंने रंगदारी की मांग की थी। इस मोबाइल को जगदीश महतो ने चिपडी फुटबॉल मैदान की झाड़ी के बीच में छुपा कर रखा था। पूछताछ के क्रम में नक्सली पर्चा छापने वाले एचडी स्टूडियो मिलन चौक के मालिक लक्ष्मीकांत अहीर को भी गिरफ्तार किया गया। उनकी दुकान से नक्सली पर्चा छापने वाले दो प्रिंटर बरामद किए गए। पुलिस ने मंगल चंद्र गोराई के घर में चिपकाया गया नक्सली पर्चा, दो मोबाइल और दो प्रिंटर जप्त किए।