राष्ट्रीय जनता दल के समर्पित नेता अंबिका प्रसाद बनर्जी का देहांत
जमशेदपुर, 9 सितंबर : आज शाम टाटा मेन हॉस्पिटल में राष्ट्रीय जनता दल के जिला अध्यक्ष अंबिका प्रसाद बनर्जी की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हो गई। वे 53 साल के बताए जाते हैं। 6 सितंबर को उन्हें गंभीर स्थिति में अस्पताल में दाखिल किया गया था। जहां डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर में रखा। मौत से लड़ते हुए तीसरे दिन उनका देहांत हो गया।
अंबिका प्रसाद बनर्जी ने अपनी राजनीति की शुरुआत 1980 के दशक में की थी। उनके राजनीतिक गुरु रामदत्त सिंह थे। शुरुआती दिनों में अंबिका प्रसाद बनर्जी बुलेट मोटरसाइकिल में रामदत्त सिंह के साथ दिखाई देते थे। तकरीबन रोजाना आज़ाद मज़दूर के कार्यालय में रामदत्त सिंह और अंबिका प्रसाद बनर्जी का आना तय था। लालू यादव के बुरे दिनों में रामदत्त सिंह सहित अनेक नेताओं ने राष्ट्रीय जनता दल का दामन छोड़ दिया परंतु अंबिका प्रसाद बनर्जी बुरे दिनों में भी राष्ट्रीय जनता दल के साथ बने रहे।

रामदत्त सिंह ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। कुछ साल पहले उनका देहांत हो गया। अंबिका प्रसाद बनर्जी दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष होने के साथ केंद्रीय शांति समिति के सदस्य भी थे। अपने इलाके तथा दुर्गा पूजा कमेटियों की आवाज उठाने में वे प्रशासन की बैठकों में आगे रहते थे। प्रशासन और पुलिस के उच्च पदाधिकारी भी अंबिका प्रसाद बनर्जी के सहयोगात्मक स्वभाव के कारण उन्हें आदर देते थे। अंबिका प्रसाद बनर्जी का जाना एक समर्पित राजनीतिक की कमी बना गया।
ReplyForward |