कार्बाइन के साथ चौका में दो नक्सली गिरफ्तार
जमशेदपुर, 5 अक्टूूबर : सरायकेला-खरसावां पुलिस में गुप्त सूचना के आधार पर दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक कार्बाइन, एक कट्ठा, 9 एमएम की 4 गोलियां, पॉइंट 315 की गोलियां और दो मोबाइल बरामद किए। नक्सली ऑटो पर बैठकर जा रहे थे। गिरफ्तार नक्सली सीताराम सूरी बंदगांव पश्चिमी सिंहभूम और लाल सिंह महली तमाड़ रांची के निवासी बताए जाते हैं।

सरायकेला-खरसावां के एसपी मोहम्मद अर्शी ने प्रेस को बताया कि 4 अक्टूबर को महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक झारखंड के आदेश से शाम 4 बजे से 7 बजे तक छोटे-बड़े वाहनों की चेकिंग अभियान का आदेश प्राप्त हुआ था। इसके आलोक में सरायकेला-खरसावां जिला के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की जा रही थी। इस क्रम में उन्हें इस बात की सूचना मिली कि नक्सली घटना को अंजाम देने के लिए कुछ नक्सली हथियार के साथ तमाड़ और रांची की ओर जा रहे हैं।

उनके आदेश से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।वाहनों की चेकिंग की अवधि बढ़ा दी गई। चार-पांच अक्टूबर की रात उरमाल गांव के पास चौका की तरफ से आ रहे ऑटो को रोका गया। इसमें 2 व्यक्ति सवार थे। चेकिंग करने पर उनके पास एक कार्बाइन, एक कट्टा और गोलियां बरामद हुईंं। उन दोनों को गिरफ्तार किया गया। अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के एरिया कमांडर दीत नाग के दस्ते में शामिल हैंं। इन दिनों वे नाग की गिरफ्तारी के पश्चात बुंडू तमाड़ के इलाके में सक्रिय होकर भ्रमणशील हैं।
ReplyForward |