गांव में भी टूटने लगी है सोशल डिस्टेंसिंग
जमशेदपुर, 4 अक्तूबर : शहर के समान ही अब गांव में भी सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन तेजी से हो रहा है। सरायकेला खरसावां जिला के राजनगर प्रखंड में परसों हुई आदिवासी कुर्मी जन जागरण विशेष बैठक के दौरान ऐसा देखा गया।

इस जन जागरण अभियान में शामिल करीब 50 लोगों में सिर्फ एक व्यक्ति ने मास्क पहन रखा था। सभी ने सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन किया था। सभी एक दूसरे से सट कर खड़े हुए थे। गांव-गांव घूमकर इन लोगों ने जन जागरण के लिए बैठक भी की। उसमें जमीन पर बैठे ग्रामीण महिला पुरुष भी सट कर बैठे थे। महिलाओं ने मास्क नहीं लगाया था। इन महिलाओं के साथ बच्चे भी थे। जिनकी उम्र 10 साल से कम भी थी।

जबकि सरकार की ओर से 10 साल से कम उम्र के बच्चों को घर से बाहर निकलने की मनाही है। यह आयोजन राजनगर प्रखंड के बारीडीह गांव में सोनाराम महतो की अध्यक्षता में और स्वर्गचिडा गांव में वनमाली महतो की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस बैठक में समाज के इतिहास, भाषा, संस्कृति, परंपरा आदि की चर्चा की गई। इसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में दिलीप महतो को सम्मानित किया गया। परंतु कोविड-19 को नजरअंदाज कर सब पर पानी फेर दिया गया।