मुख्य सड़क पर दिनदहाड़े दो लाख की डकैती
जमशेदपुर, 3 अक्तूबर : आज दोपहर कोवाली थाना क्षेत्र की मुख्य सड़क पर सरेआम 6 डकैतों ने सरकारी पदाधिकारी से 2 लाख रुपए लूट कर पुलिस को खुली चुनौती दी है। इस तरह की दुस्साहसिक डकैती करने वाले अपराधियों के मन से पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो गया है, यह कहना अनुचित नहीं होगा।
घटना के बारे में बताया जाता है कि आज पोस्टमास्टर कामाख्या प्रसाद अपने रिश्तेदार पिंटू मंडल के साथ बाइक पर सवार होकर टाटा नगर पोस्ट ऑफिस आए। यहां से एक बैग में दो लाख रुपए अपने भालकी पोस्ट ऑफिस के लिए लेकर बाइक पर चले। बाइक उनके रिश्तेदार पिंटू मंडल चला रहे थे।

जब वे हाता होकर कोवाली थाना के खेत्रपाल गांव की मुख्य सड़क से गुजर रहे थे तभी तीन बाइक पर सवार छह डकैत आए। उन्होंने कैची मार कर पोस्टमास्टर की बाइक गिरा दी। उसके बाद डकैतों ने पिस्तौल की बट से पोस्टमार्टम के सर पर वार किया। जिससे वे घायल हो गए, फिर सबने उनके रुपए का बैग, दो मोबाइल और उनकी हीरो बाइक छीन ली और फरार हो गए।
सूचना पाकर कोवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल का इलाज कराया। पोस्टमास्टर द्वारा बताए गए हुलिया के आधार पर पुलिस डकैतों की तलाश कर रही है।