पद्मश्री छुटनी महतो को रांची में सांसद ने सम्मानित किया
जमशेदपुर, 28 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिला के छोटे से गांव भोलाडीह में रहने वाली छुटनी महतो को पद्मश्री अवार्ड के लिए चुने जाने के बाद रांची के सांसद संजय सेठ उनसे मिलने स्वयंसेवी संस्था आशा के कार्यालय में गए। मालूम हो पद्मश्री की घोषणा होने के बाद से छूटनी महतो रांची में हैं।
सांसद संजय सेठ ने उन्हें शॉल उड़ाकर सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की प्रशंसा की। मालूम हो छुटनी महतो कई दशक से डायन प्रताड़ना के खिलाफ गांव-गांव घूमकर आंदोलन चला रही हैं। डायन कह कर प्रताड़ित की जा रही महिलाओं के लिए उन्होंने अपने घर में पुनर्वास सेंटर भी बना रखा है। उनके इसी अभियान के कारण उन्हें राष्ट्रपति ने पद्मश्री अवार्ड के लिए चुना है।
रांची में कल उन्होंने प्रेस को संबोधित किया। छुटनी महतो ने बताया कि उनके डायन प्रथा उन्मूलन के अभियान में आजाद न्यूज़ के संपादक कवि कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंधविश्वास के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए कवि कुमार ने ‘कविवर गंगा प्रसाद कौशल समाज सेवा, संस्था की ओर से कई बार कथित डायनों की पिकनिक का आयोजन किया।
इसमें पूरे कोल्हान से प्रताड़ित कथित डाइनों ने हिस्सा लिया और अपने दुख दर्द साझा किए। इसके अलावा छुटनी महतो ने अन्य सभी पत्रकारों और बड़े प्रशासनिक अधिकारियों को भी धन्यवाद दिया जिनके चलते उनके डायन एवं अंधविश्वास उन्मूलन अभियान को मदद मिली।