सड़क सुरक्षा माह के दौरान दो दुर्घटनाओं में 5 बाइक सवारों की मौत
जमशेदपुर, 15 फरवरी : सड़क सुरक्षा महीना मनाए जाने के बीच 4 दिनों के अंदर 5 बाइक सवारों की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई तथा 10 से अधिक घायल हुए।सूत्रों के मुताबिक ये दुर्घटनाएं काफी तेज रफ्तार से बाइक चलाने के कारण हो गईंं।
आज पश्चिमी सिंहभूम में चक्रधरपुर खरसावां मुख्य सड़क पर एदलबेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार से आते हुए ट्रैक्टर से तेज रफ्तार में चलती हुई बाइक की सीधी टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार तीन युवक मौके पर ही मारे गए। इनमें चक्रधरपुर के निवासी नोरो ढोगी, शत्रुघ्न एवं एक अज्ञात युवक शामिल है।
घटना के दौरान पीछे से आ रही अनंत प्रधान नामक व्यक्ति की बाइक भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त बाइक से टकरा गई। जिससे उस बाइक पर सवार अनंत प्रधान उनकी पत्नी, एक बेटा एवं बेटी कुल 4 लोग घायल हुए। इन्हें अस्पताल में दाखिल किया गया है।
12 फरवरी को शाम 6 बजे के वक्त मुसाबनी थाना क्षेत्र के मुसाबनी घाटशिला मुख्य सड़क पर कॉलेज के समीप तेज रफ्तार से विपरीत दिशा से आती हुई दो बाइकों के बीच टक्कर हो गई। जिससे बाइक पर सवार दो युवकों की मौत अस्पताल ले जाते वक्त हो गई। एक मृत युवक पावड़ा गांव घाटशिला निवासी लक्की मुर्मू पूर्व मुखिया पार्वती मुर्मू का बेटा बताया जाता है।

दूसरे मृतक का नाम श्रीकांत सिंह है। वह घाटशिला दाहीगोड़ा के निवासी राजेंद्र सिंह का बेटा है। दो बाइकों की टक्कर में घाटशिला निवासी महिला प्रभा मुर्मू एवं मौभंडार बी ब्लॉक के निवासी रविंद्र नाथ मुर्मू के पुत्र अरमान मुर्मू भी गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर भेज दिया गया।
तीसरी सड़क दुर्घटना 12 फरवरी को सरायकेला गम्हरिया मार्ग पर हुई। यहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर रोड किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।घटनास्थल गोपीनाथपुर गांव के समीप बताया जाता है। जिसमें बाइक चलाने वाले दोनों व्यक्ति गंभीर घायल हो गए। उसके सर और पैर में गंभीर जख्म हैंं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायल आदित्यपुर के इच्छापुर निवासी गोपाल चंद्र महतो और उमेश लोहार बताए जाते हैं।